आगरमालवा : चार पहिया वाहन ने पैदल जा रहे दो लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल
आगरमालवा, 24 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरमालवा जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा ग्राम सादलपुर मार्ग पर हुआ। सड़क किनारे पैदल जा रहे दो लोगों को सामने से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
दुर्घटना में सुसनेर के इतवारिया निवासी मनोज पिता रामचन्द्र, (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल दूसरे युवक को सुसनेर में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए आगरमालवा जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सुसनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने प्रकरण को जांच में लिया है तथा हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

