home page

जमीन विवाद में चली गोली, एक घायल

 | 
जमीन विवाद में चली गोली, एक घायल


सीवान, 23 मई (हि.स.)। जिले के धनौती थाना क्षेत्र के धनौती मठ गांव में शनिवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बगीचे की जमीन और पेड़ कटाई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। गोली लगने से राजेश सिंह घायल हो गए। गोली उनके बाएं हाथ की उंगली में लगी है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल कायम हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही धनौती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पेड़ कटाई के दौरान शुरू हुआ विवाद

घायल राजेश सिंह ने बताया कि गांव में उनके परिवार का एक बगीचा है, जहां शनिवार को पेड़ कटवाया जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और पेड़ काटने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

राजेश सिंह का आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने हथियार पकड़ने की कोशिश की, तभी गोली चल गई और उनके हाथ की उंगली में लग गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके भाई धनंजय सिंह और ब्रजेश सिंह के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट और फायरिंग के आरोप

वहीं दूसरे पक्ष के जितेंद्र सिंह ने बताया कि बगीचे की करीब एक बीघा जमीन को लेकर पिछले 15 वर्षों से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में लंबित है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पेड़ काटने का विरोध किया और कोर्ट में मामला लंबित रहने तक पेड़ नहीं काटने की बात कही, तब दूसरा पक्ष उग्र हो गया और फायरिंग करने लगा। जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके भाई अभिषेक सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के बाद घटनास्थल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग हथियार लहराते और दूसरे पक्ष को धमकाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो घटना के कुछ देर बाद का है।

ग्रामीणों के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार अवैध बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अब तक हथियार बरामद नहीं कर सकी है। वायरल वीडियो को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है। धनौती थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की छानबीन की जा रही है।

बोले थानाध्यक्ष

धनौती थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि बगीचे के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। मामले की जांच की जा रही है। अब तक हथियार बरामद नहीं हो पाया है, लेकिन जल्द ही हथियार बरामद कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma