ओवरब्रिज के नीचे सज रही थी नशे की मंडी, 16 ग्राम स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार
सीवान, 15 मई (हि.स.)। सीवान शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार की देर शाम 16 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई आंदर ढाला ओवरब्रिज के नीचे की गई, जहां खुलेआम स्मैक की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज के नीचे दो युवक स्मैक बेचने के लिए घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पु.नि. अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान पप्पु कुमार के रूप में हुई है जो गोपालगंज जिले के थावे थानाक्षेत्र के थावे चीटी टोला निवासी
स्व. परमानंद राम का पुत्र है। तलाशी के दौरान उसके पास से 41 पुड़िया में रखी गई 16 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पु.अ.नि. शशि रंजन एवं सिपाही विकास कुमार शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

