पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल
नोएडा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर-35 के पास शुक्रवार की शाम को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया हो। वह लूटपाट करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी, लूटे हुए 12 मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद किया है।
अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि सेक्टर-24 थाना पुलिस शुक्रवार शाम सेक्टर-35 के नाले के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाए तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूर आगे जाकर स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले की दीवार से टकरा गई और उस पर सवार व्यक्ति नीचे गिर गया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बदमाश की पहचान मोरना गांव निवासी 28 वर्षीय सोनू के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद बैग से चोरी और छीने गए 12 मोबाइल फोन बरामद किरा है। इसके अलावा चोरी की एक स्कूटी भी मिली। स्कूटी दिल्ली नंबर की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की स्कूटी पर घूमकर राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनता था। मौका मिलने पर चोरी की वारदात भी करता था। चोरी और लूट के मोबाइल को आरोपी राहगीरों को मजबूरी बताकर कम दाम में बेच देता था। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के मालिकों और आरोपी से जुड़ी अन्य जानकारियों का पता लगा रही है।
उन्होंने बताया कि सोनू के खिलाफ अलग-अलग थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ बिसरख, सेक्टर-24, सेक्टर-49 और सेक्टर-58 थानों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अन्य थानों से भी आरोपी का आपराधिक इतिहास पता कर रही है। पूछताछ में सोनू ने अपने कुछ अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल के वास्तविक मालिकों का पता लगा रही है ताकि मोबाइल उनके सुपुर्द की जा सके। घायल बदमाश ने नोएडा में भी लूट और चोरी की कई वारदात की है। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

