home page

42 बोतल विदेशी शराब बरामद,एक शराब तस्कर गिरफ्तार

 | 
42 बोतल विदेशी शराब बरामद,एक शराब तस्कर गिरफ्तार


नवादा, 14 सितंबर (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के फूलवरिया डैम के समीप सोमवार को उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बाइक सवार एक युवक को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। टीम ने उसके पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 42 बोतल शराब बरामद की है। गिरफ्तार युवक की पहचान सिमरकोल गांव निवासी छोटन प्रसाद यादव के पुत्र महेश कुमार के रूप में हुई है।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच चौकी प्रभारी सह उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने फूलवरिया डैम के समीप वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान शराब लेकर जा रहे बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक से विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।

बरामद शराब में 750 एमएल की 8 पीएम की 12 बोतल, रॉयल ग्रीन की 12 बोतल, रॉयल स्टैग की 6 बोतल तथा 375 एमएल की रॉयल स्टैग की 12 बोतल शामिल हैं। पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब झारखंड के कोडरमा क्षेत्र से लाकर रजौली के जंगल इलाके के रास्ते सिमरकोल में बेचने के लिए ले जाई जा रही थी।

उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि बिहार-झारखंड सीमा पर शराब की तस्करी रोकने के लिए जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मुख्य मार्ग के अलावा वैकल्पिक रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार युवक के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन