home page

109 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार

 | 
109 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार


नवादा, 03 सितंबर (हि.स.)।नवादा जिले के कौआकोल-महुडर मुख्य पथ पर छतवईया आहर के पास गुरुवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए झारखंड की सीमा से टेम्पू में 109 बोतल अंग्रेजी शराब लेकर जा रहे एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने उसके पास से कुल 60.700 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है।

इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए कौआकोल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की सीमा से शराब की खेप टेम्पू के माध्यम से महुडर की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एएसआई रिंकू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर टेम्पू को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसमें रखी 109 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र के चननवर गांव निवासी बिनेश्वर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में की गई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार धंधेबाज के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मौके पर अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार,एसआई अजय कुमार आदि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन