फर्जी जीएसटी कंपनियों से 01 करोड़ की कर चोरी, गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
दो लैपटॉप, एक मोबाइल व 39 सिम कार्ड बरामद
झांसी, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए फर्जी कंपनियां बनाकर जीएसटी में बड़ा घोटाला करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके कब्जे से दो लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और 39 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान प्रशिक्षु आईपीएस अरीबा नोमान ने गुरुवार काे बताया कि राज्य कर अधिकारी खंड संख्या-4 अनिल कुमार की तहरीर पर 10 अगस्त 2025 को नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि झांसी के तालपुरा चिक मोहल्ला स्थित “डीके इंटरप्राइजेज” नाम से हाथरस निवासी दुर्गेश के नाम पर फर्जी जीएसटी टीआईएन नंबर लेकर अवैध लाभ अर्जित किया जा रहा है, जबकि उसके नाम से कोई वास्तविक फर्म अस्तित्व में नहीं है।
मामले की विवेचना के दौरान हरियाणा के नोहरिया निवासी वीरेंद्र कुमार का नाम सामने आया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल सीडीआर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित ने फर्जी कंपनियों के माध्यम से बिना वास्तविक लेनदेन के करोड़ों रुपये का फर्जी कारोबार दिखाकर लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास ऑन कर सरकार को राजस्व का भारी नुकसान पहुंचाया।
विवेचना में सामने आया कि डीके इंटरप्राइजेज, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और केजे इंटरप्राइजेज के नाम से करीब 5.38 करोड़ रुपये का आउटवर्ड ट्रांजैक्शन दर्शाया गया, जिसके जरिए 1 करोड़ रुपये से अधिक की आईटीसी क्लेम की गई। वहीं जून 2025 में 5.53 करोड़ रुपये की फर्जी खरीद दिखाकर सीजीएसटी और एसजीएसटी में 51-51 लाख रुपये की आईटीसी भी प्राप्त की गई।
300 रुपये में नशेबाजों की सिम
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नशा करने वाले लोगों को 300 रुपये देकर उनके नाम पर सिम कार्ड निकलवाता था और उन्हीं का इस्तेमाल फर्जी फर्मों के पंजीकरण में करता था। उसने इस गिरोह में “इशु” और “सरकार” नामक सहयोगियों की संलिप्तता भी बताई है, जो फर्जी दस्तावेज तैयार कर टैक्स चोरी में मदद करते थे।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

