दिघवारा में वाहन जांच के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक गिरफ्तार
सारण, 11 जून (हि.स.)। दिघवारा थाना पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान निरंजन कुमार पिता मेघा मांझी, निवासी इशुपुर, थाना दिघवारा, जिला सारण के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल के वैध कागजात मांगे जाने पर युवक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने यह मोटरसाइकिल दियारा क्षेत्र से बेहद कम कीमत पर खरीदी थी।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिघवारा थाना में कांड संख्या-239/26, भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई में दिघवारा थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य कर्मी शामिल रहे। पुलिस इस मामले में आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

