ट्रक चालकों को नशा सप्लाई की फिराक में था : पुलिस को देख भागा,एमडी ड्रग जब्त
जोधपुर, 24 जुलाई (हि.स.) । शहर की कुड़ी भगतासनी पुलिस ने शताब्दी सर्किल के पास में एक संदिज्ध युवक को पीछा कर पकड़ा। उसके पास तलाशी में 40.4 ग्राम एमडी ड्रग मिली। पूछताछ में पता लगा कि वह एमडी ड्रग को ट्रक चालकों को सप्लाई करने आया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया, अग्रिम जांच पड़ताल जारी है।
थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि पिछले तीन चार दिनों से नशे की धरपकड़ के प्रयास में जुटी थी। गुरूवार को शताब्दी सर्किल के पास में पुलिस की गश्त थी और एक संदिग्ध युवक पुलिस को देख कर भागने लगा। इस पर उसे पीछा कर पकड़ा गया। युवक के पास में तलाशी लिए जाने पर पास में एमडी ड्रग मिली। जोकि वजन में 40.4 ग्राम निकली। आरोपित रावर की ढाणी कापरड़ा निवासी श्यामलाल पुत्र किशनाराम को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह यह एमडी ड्रग ट्रक चालकों को बेचने के इरादे से आया था। एक ग्राम एमडी ड्रग को 12 सौ रूपये में लाया था और 14 सौ में बेचता था। उससे अब इस बारे में गहनता से पूछताछ किए जाने के साथ स्त्रोत का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

