home page

टोल के नाम पर वाहनों से अवैध वसूली करते एक गिरफ्तार

 | 
टोल के नाम पर वाहनों से अवैध वसूली करते एक गिरफ्तार


पूर्वी चंपारण,05 मई (हि.स.)। जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में सड़क पर चलने वाले वाहनों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 'टॉल टैक्स' के नाम पर लूट मचा रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई हरसिद्धि दुर्गा मंदिर के समीप की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरसिद्धि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दुर्गा मंदिर के पास कुछ असामाजिक तत्व सड़क से गुजरने वाले वाहनों को रोककर जबरन पैसे की वसूली कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने मौके से अवैध वसूली कर रहे मो. हसमुद्दीन को दबोच लिया। वह हरसिद्धि थाना क्षेत्र के दुदही गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध वसूली के लिए इस्तेमाल किए जा रहे फर्जी टिकट और नकद पैसे बरामद किए गए हैं। वह खुद को टोल कर्मी बताकर भोले-भाले वाहन चालकों से पैसों की उगाही कर रहा था।

हरसिद्धि पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है जो इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त हैं।

गिरफ्तार आरोपी को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया गया है। जिला प्रशासन व पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी अवैध वसूली की शिकायत हो तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार