home page

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, ब्राउन शुगर बरामद के साथ एक गिरफ्तार

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, ब्राउन शुगर बरामद के साथ एक गिरफ्तार


उत्तर दिनाजपुर, 02 सितंबर (हि. स.)। भारत-नेपाल सीमा के नजदीक सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत 40 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, बुधवार तड़के करीब पांच बजे 41वीं बटालियन एसएसबी के इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर भाटगांव की ‘जी’ कंपनी, निमुगुड़ी की ‘ए’ कंपनी और गलगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गलगलिया के ठीका टोली स्थित मोहम्मद जलाल (60) के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान स्निफर डॉग की मदद से पांच पैकेटों में 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई। मोबाइल डिटेक्शन किट से पदार्थ की जांच की गई, जिसमें इसके मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। मौके से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पूछताछ में जलाल ने बताया कि उसका दामाद मोहम्मद शमशाद आलम मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा है और बरामद पैकेट उसी के हैं। पुलिस जांच में आलम के कुख्यात अपराधी होने तथा पूर्व में कई मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में शामिल रहने की बात सामने आई है। बरामद मादक पदार्थ, आरोपित और मोबाइल फोन को आगे की कार्रवाई के लिए गलगलिया थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा तथा भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा की भौगोलिक स्थिति का फायदा तस्कर उठाते हैं। एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र की सीमाओं का भी अपराधी लाभ उठाने की कोशिश करते हैं।

अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न गिरोहों पर नजर रखने के लिए एसएसबी, पुलिस और अन्य केंद्रीय व राज्य एजेंसियों के बीच समन्वय और खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ाया गया है। स्थानीय लोगों को भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार