दो किलो से अधिक गांजा के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
कांकेर, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस ने आज शुक्रवार काे ग्राम सहकट्टा में कार्रवाई करते हुए 2 किलो 855 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपित यशवंत धनेलिया पिता वासुदेव, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम सहकट्टा थाना भानुप्रतापपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने अपने घर के पीछे गांजा छिपाकर रखा था और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
कांकेर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से ग्राम सहकट्टा में गांजा रखकर बिक्री किए जाने के संबंध में सूचना मिली थी। मुखबिर ने पुलिस को बताया कि ग्राम सहकट्टा में एक व्यक्ति अपने घर के पीछे अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखा है और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मामले की तस्दीक करते हुए संबंधित स्थान पर दबिश देने की तैयारी की। भानुप्रतापपुर पुलिस की टीम ग्राम सहकट्टा पहुंची और बताए गए स्थान के आस-पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान यशवंत धनेलिया को गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाशते हुए पकड़ा गया। इसके बाद नियमानुसार तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से कुल 2.855 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 42 हजार 750 रुपए आंकी गई है। गांजा जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने कहा है कि अपराध पर नियंत्रण में आम नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

