ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर 91 हजार रुपये की ठगी
वेबसाइट पर युवती भेजने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में वसूले रुपए, होटल बुलाकर भी की गई ऑनलाइन भुगतान की मांग
जोधपुर, 26 नवम्बर (हि.स.)। शहर के सरदारपुरा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस उपलब्ध करवाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने वेबसाइट पर संपर्क करने के बाद युवती भेजने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में हजारों रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है। पीडि़त की रिपोर्ट पर सरदारपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
सरदारपुरा पुलिस ने बताया कि 11वीं सी रोड के 47 वर्षीय एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 21 नवंबर को उसने इंटरनेट पर एस्कॉर्ट सर्विस से संबंधित वेबसाइट पर एक मोबाइल नंबर देखा। उस नंबर पर संपर्क करने पर नितिन नाम के व्यक्ति ने एक घंटे की सर्विस के लिए 2 हजार रुपये तथा पंजीकरण के नाम पर 520 रुपये जमा करवाने की बात कही। पीडि़त ने 520 रुपये जमा करवा दिए।
परिवादी के अनुसार 22 नवंबर को युवती भेजने की बात कहकर उसे बी रोड स्थित होटल पर बुलाया गया। रात करीब 11 बजे होटल पहुंचने पर उससे ऑनलाइन भुगतान करने को कहा गया। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर उससे लगातार रकम जमा करवाई गई। कभी सर्विस चार्ज, कभी मैडम के भुगतान और कभी सदस्यता सक्रिय करने के नाम पर पैसे मांगे गए।
पीडि़त व्यक्ति का आरोप है कि उससे 1,500, 7,500, 7,500, 9,999 रुपये की दो किस्तें, 4,550 रुपये, 17,500 रुपये की दो किस्तें तथा 14,998 रुपये जमा करवाए गए। इस तरह कुल 91,566 रुपये की राशि जमा करवाई गई। आरोप है कि इतनी रकम जमा करवाने के बाद भी युवती नहीं भेजी गई। इसके बाद आरोप ने सदस्यता सक्रिय नहीं होने की बात कहते हुए पूरी राशि वापस लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक रकम वापस नहीं मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

