राजगढ़ःतेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार बुजुर्ग को कुचला, 200 फीट तक घसीटने से मौके पर मौत
राजगढ़, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के न्यू बस स्टैंड के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने के बाद बुजुर्ग को वाहन करीब 150 से 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 60 वर्षीय मांगीलाल पुत्र अमरसिंह सौंधिया, निवासी अरनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे सुबह चाय पीने के लिए न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में आए थे। इसी दौरान सुठालिया रोड पर परचून का सामान लेकर जा रहा ट्रक क्रमांक एमपी-09-एचजी-9754 उनकी बाइक से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद चालक ट्रक को नहीं रोक पाया और बाइक सवार को काफी दूरी तक घसीटता रहा। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे रुकवाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

