राजगढ़ः खेत में तड़पती मिली 65 वर्षीय महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम, हत्या की आशंका
राजगढ़, 04 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह खेत में तड़पती मिली 65 वर्षीय महिला, जिसकी धारदात हथियार से जीभ व नाक काट दी गई थी, गंभीर हालत में परिजन उसे खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
जानकारी के अनुसार टापरी से कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में 65 वर्षीय महिला गंभीर अवस्था में मिली, जिसकी धारदार हथियार से जीभ व नाक काट दी गई थी। परिजन उसे बेसुध हालत में खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि कुछ सालों से महिला अपने बेटे-बहू के साथ खेत पर बनी टापरी में रह रही थी, कुछ दिन पहले बहू मायके राजस्थान में मजदूरी के लिए गई थी वहीं घटना के दौरान उसका बेटा खेत में सिंचाई करने गया था। देर रात लौटा उसका बेटा टापरी में जाकर सो गया, सुबह चाय बनाने के लिए उठा तो उसकी मां झोपड़ी में नही मिली, तलाशने पर झोपड़ी से कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में उसकी मां गंभीर हालत में पड़ी मिली,जिसकी जीभ व नाक कटी हुई थी। मृतिका के बेटे ने हत्या की आशंका जताई है। बुजुर्ग महिला की मौत किन हालातों में हुई, इसका वास्तविक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद लग सकेगा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरु की। एएसपी केएल.बंजारे का कहना है कि मामला संवेदनशील है, जिसमें जांच के उपरांत ही वास्तविक स्थिति का पता लग सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

