पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच पथराव, पुलिस के सामने भी चले ईंट-पत्थर
औरैया, 10 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र स्थित असेवा गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवी पुलिस के सामने ही एक-दूसरे को गाली-गलौज करते हुए धमकियां देने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने का प्रयास किया तो आरोपितों ने पुलिस के काम में बाधा डालते हुए पथराव शुरू कर दिया।
मामले में चौकी प्रभारी बबाइन उपनिरीक्षक रमेश चंद्र ने अयाना थाने में तहरीर दी है।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे डायल 112 पर असेवा गांव में दो पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने की सूचना मिली थी। इस पर वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने घरों के बाहर गली में मौजूद थे। गली में जगह-जगह ईंट-पत्थर बिखरे पड़े थे। विवाद की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
कुछ ही देर में अयाना, अजीतमल, फफूंद, दिबियापुर, औरैया कोतवाली और महिला थाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और पथराव किया।
चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने 21 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

