पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, फरार आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 5 सितंबर (हि.स.)। पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपित हर्ष कोसले को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना सिविल लाईन में दर्ज अपराध क्रमांक 454/2026 में धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में आरोपित अजय रक्सेल को गिरफ्तार कर कार्रवाई की थी। वहीं, अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इसी दौरान पुलिस को हर्ष कोसले की मौजूदगी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित हर्ष कोसले आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ रायपुर जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास के तीन मामलों समेत आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके अलावा राजनांदगांव जिले के एक लूट के मामले में भी वह जेल में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान हर्ष कोसले (22), निवासी बड़ा भवानी नगर, रायपुर, हाल पता नवभारत प्रेस के पास, रजबंधा मैदान तालाब पार, थाना मौदहापारा, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपित अभी फरार है। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

