home page

बाइक में टक्कर मारकर भाग रहा ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलटा, चालक की मौत

 | 

नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। बाइक पर सवार दो युवकों को टक्कर मारकर भाग रहा तेज रफ्तार ट्रक ओखला इंडस्ट्रियल इलाके में डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक की पहचान लोकेंद्र (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को रास्ते से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

दक्षिण पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि 14 और 15 मार्च की रात 1 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली के ओखला की एसआईएस प्रोसेगुर बिल्डिंग के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया है। तत्काल ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक सडक़ पर पलटा हुआ मिला। पास में सडक़ पर एक व्यक्ति बेहोश पड़ा मिला। उसे तत्काल एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ट्रक ड्राइवर लोकेंद्र के रूप में हुई। वह यूपी के कासगंज जिले का रहने वाला था।

बाइक को टक्कर मारकर भाग रहा था

पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रक चालक ने सरिता विहार इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार युवकों को टक्कर मारी थी। बाइक चालक व पीछे बैठा व्यक्ति घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों की हालत अभी स्थिर बनी हुई है। बाइक में टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने के दौरान गाड़ी को लापरवाही से दौड़ाना शुरू कर दिया। नतीजतन ओखला अंडरपास लाल बत्ती के समीप ट्रक अनियंत्रित हो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी