सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास में तीन नाबालिग पकड़े गए
नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। ओखला इंडस्ट्रियल इलाके में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास में पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा है। पकड़े गए नाबालिगों की उम्र 12 से 13 साल के बीच है। सभी स्कूल छोड़ चुके हैं एवं स्थानीय निवासी हैं। बच्ची का मेडिकल कराने के बाद पॉक्सो का केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपितों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
डीसीपी साउथ ईस्ट डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि 14 मार्च को ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की सूचना मिली थी। बताया गया कि तीन नाबालिग लडक़ों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया है। मामले की गंभीरता को देखते तत्काल पुलिस थाने से एक विशेष टीम गठित करके मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम तीनों नाबालिगों को लेकर थाने आई। बच्ची की मां भी उसे लेकर थाने पहुंच गई। पीडि़त बच्ची को मां और महिला कांस्टेबल के साथ मेडिकल चेकअप के लिए भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने लगभग 12-13 साल के तीन लडक़ों द्वारा किए गए यौन उत्पीडऩ की जानकारी पुलिस को दी। 7 वर्षीय पीड़ित बच्ची ने अपने बयान में बताया कि तीन नाबालिग 12 और 13 मार्च को उसको लेकर घर के पास बने एक गोदाम में ले गए। वहां उसके कपड़े उतारकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने संबंधित धाराओं समेत पॉक्सो का केस दर्ज कर तीनों नाबालिगों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया। तीनों नाबालिग 12 से 13 आयु वर्ग के हैं। उनके परिजन छोटा मोटा काम करके परिवार का गुजारा करते हैं। सभी पढ़ाई छोड़ चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

