home page

ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में घूम रहा यूपी का युवक गिरफ्तार, 3.710 किलो गांजा जब्त

 | 
ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में घूम रहा यूपी का युवक गिरफ्तार, 3.710 किलो गांजा जब्त


रायपुर, 4 नवंबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय आरोपित को गिरफ्तार किया है।

आरोपित ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने उसके कब्जे से 3.710 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब एक लाख 85 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस से बुधवार काे मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के नहरपारा रोड स्थित आत्मानंद स्कूल के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की।

पुलिस टीम को देखकर आरोपित भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम मिश्रा बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 3.710 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने गांजा ओडिशा से लाना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिवम मिश्रा (26 वर्ष), पिता छैल बिहारी मिश्रा, निवासी ग्राम उमरिया गंज, थाना इटवा, जिला सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपित के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 323/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब आरोपित से गांजे की उपलब्धता, परिवहन और बिक्री के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों और इसे खरीदने वाले संभावित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

100 मामलों में 218 आरोपित गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 100 मामलों में 218 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल सात करोड़ 36 लाख 68 हजार 920 रुपये कीमत के मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर