home page

रायपुर में गांजा बेचने निकले ओडिशा के आरोपित सहित दो गिरफ्तार, 2.522 किलो गांजा और माेटरसाइकिल जब्त

 | 
रायपुर में गांजा बेचने निकले ओडिशा के आरोपित सहित दो गिरफ्तार, 2.522 किलो गांजा और माेटरसाइकिल जब्त


रायपुर, 14 नवंबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक अंतरराज्यीय आरोपित सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के कब्जे से 2.522 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.66 लाख रुपये बताई गई है।

आज शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि आमानाका थाना क्षेत्र के सरोना रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित जेपी गार्डन के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में हैं। सूचना पर एंटी क्राइम यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके थैले से गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राधाकांत राणा (56), निवासी बालांगीर, ओडिशा और परमानंद साहू (40), निवासी ग्राम पोहंदा, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने 2.522 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 1,26,100 रुपये है, तथा मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1,66,100 रुपये बताई गई है।

दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 381/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस गांजे की सप्लाई के स्रोत और खरीदारों के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 102 मामलों में 222 आरोपितों को गिरफ्तार कर 7.39 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर