home page

कार सवारों ने घरों के बाहर की हवाई फायरिंग

 | 
कार सवारों ने घरों के बाहर की हवाई फायरिंग


-पीड़ित दो महिलाओं ने कोतवाली पहुंच की शिकायत

हमीरपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के सरसई गांव में कार सवार अज्ञात युवकों ने मकानों के बाहर हवाई फायरिंग की है। गांव की दो महिलाओं ने कोतवाली पहुंच तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।

सरसई गांव निवासी महेश चंद्र की पत्नी कृष्णा देवी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद बिना नंबर प्लेट की एक कार उनके घर के बाहर से निकली। कार के अंदर बैठे अज्ञात लोगों ने उनके घर के बाहर चार-पांच राउंड हवाई फायरिंग की। इससे पूरा परिवार दहशत में है। वहीं, इसी गांव की करिश्मा राजपूत ने बताया कि वह अपनी सास के साथ अपने घर में घरेलू कार्य कर रही थी। उसी दौरान बिना नंबर की एक कार उसके घर के बाहर से निकली ताे उसमें सवार युवकाें ने भी उनके घर के बाहर दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी।

करिश्मा ने बताया कि उसके परिवार की गांव के एक अन्य परिवार से बीते करीब एक महीने से रंजिश चल रही है। पीड़िता ने बताया कि उसके परिवार को जानमाल का खतरा बना हुआ है। कोतवाल अनूप कुमार ने बताया कि फायरिंग की बात निराधार व गलत है। घटना की जांच करा कार्रवाई की जायेगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा