home page

अनूपपुर: सोशल मीडिया में नाबालिग का अश्लील फोटो एवं मैसेज वायरल करने वाला छग से गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: सोशल मीडिया में नाबालिग का अश्लील फोटो एवं मैसेज वायरल करने वाला छग से गिरफ्तार


अनूपपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालिका का अश्लील फोटो, मोबाईल नम्बर सोशल मीडिया में वायरल करने वाले आरोपी युवक को छत्तीसगढ़ के जिला जांजगीर चांपा से गिरफ्तार कर बुधवार को पुलिस रिमाण्ड लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान ने बताया कि गत दिनों 17 वर्षीय नाबालिग बालिका सहित परिजनों ने शिकायत की थी कि सोशल मीडिया के इन्स्टाग्राम पर उसके अश्लील फोटोग्राफ मोबाईल नम्बर के साथ वायरल कर लिखा कि सेक्स वर्क के लिए इस लड़की से मोबाइल नंबर पर संपर्क करें। जिससे नाबालिग बालिका और उसके परिजनों का जीना मुश्किल हो गया है। नाबालिग बालिका की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध की धारा 67,67ए आई.टी. एक्ट पंजीबद्ध किया गया।

टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन द्वारा प्रकरण की विवेचना के दौरान इन्स्टाग्राम आई.डी. के यूजर का पता कर 34 वर्षीय उत्तरा कुमार उर्फ उदय केवट पुत्र हीरालाल केवट निवासी ग्राम गतवा पोस्ट सिलादेही थाना बिलरा जिला जांजगीर चांपा (छ.ग.) को जांजगीर चांपा (छत्तीसगढ) से गिरफ्तार किया गया। उत्तरा कुमार केवट द्वारा सोशल मीडिया इन्स्टाग्राम में अश्लील फोटो एवं मैसेज पोस्ट किये जाने में प्रयुक्त उसका स्मार्ट फोन एवं दो मोबाईल सिम जप्त की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जम्मू कश्मीर के कठुआ में अपने माता पिता के साथ प्रायवेट नौकरी करता था, जहां उसका परिचय एवं दोस्ती अनूपपुर जिले की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग बालिका से हो गया था कालान्तर में जब नाबालिग बालिका ने आरोपी से बातचीत करना बंद कर दिया तो नाराज होकर आरोपी के द्वारा अश्लील फोटो एवं अश्लील मैसेज इन्स्टाग्राम में पोस्ट किया था।

इस कार्यवाही में टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द पनिका प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिहं, प्रधान आरक्षक रीतेश सिहं, सायबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार, आरक्षक पंकज मिश्रा की भूमिका रहीं।

पुलिस की अपील

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान ने नागरिको से अपील की है कि यदि किसी भी बालिका अथवा महिला या व्यक्ति की अश्चील फोटो या मेसेज सोशल मीडिया में पोस्ट कर परेशान किया जाता है तो उसकी शिकायत तत्काल नजदीकी पुलिस थाना में करें जिससे ऐसे आरोपियों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला