एआई के जरिए महिला के अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग
मुरादाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी महिला के एआई के जरिए अश्लील फोटो और वीडियो बनाने के मामले में रविवार को जनपद रामपुर निवासी आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीडिता का यह भी आरोप है कि आरोपित वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
पीड़ित महिला ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि रामपुर जनपद के थाना अजीम नगर निवासी मोहम्मद आलम नाम के युवक से उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से दो माह पूर्व हो गई थी। बीती 5 जुलाई को आरोपित ने एआई के जरिए पूर्व में सोशल मीडिया पर शेयर की गई उसकी फोटो व वीडियो को अश्लील फोटो और वीडियो में कन्वर्ट कर दिया।
इसके बाद आरोपित पीड़िता पर दबाव बनाने लगा कि वह अपने पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगे। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा है और उसे रामपुर में एक होटल में आने के लिए दवाब बना रहा है।
मामले में नगर पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार रामपुर निवासी आरोपित मोहम्मद आलम के खिलाफ आज प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

