नूरपुर में 1.256 किलोग्राम चरस और एक लाख नकदी के साथ शिमला का तस्कर गिरफ्तार
धर्मशाला, 07 अप्रैल (हि.स.)। नशामुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना नूरपुर के तहत पड़ने वाली पुलिस चौकी कंडवाल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में चरस और नकद राशि बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता बीती देर रात उस समय मिली जब पुलिस चौकी कंडवाल की टीम एनएच-154 (मंडी-पठानकोट मार्ग) पर यातायात चेकिंग के लिए तैनात थी। इसी दौरान जसूर की तरफ से आ रही एक काले रंग की क्रेटा कार (एचपी-25सी-6008) को जब रुकने का इशारा किया गया तो चालक ने पुलिस पार्टी को देखकर गाड़ी पीछे मोड़ने का प्रयास किया।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को घेरा और काबू किया। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जब गाड़ी की गहनता से तलाशी ली गई, तो डिग्गी में रखे स्पेयर टायर के नीचे छुपाए गए एक बैग से 1 किलो 256 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अतिरिक्त बैग की जेब से एक लाख रुपये भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान राम कुमार (उम्र 52 वर्ष), निवासी तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी कुल्लू-मनाली क्षेत्र में एक ढाबा चलाता है।
पुलिस ने चरस, नकद राशि और तस्करी में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस अब इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पंहुचाया जाना था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

