रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आदतन अपराधी लल्ला सोनवानी पर एनएसए के तहत कार्रवाई
रायपुर, 4 अगस्त (हि.स.)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गुंडा बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गोबरा नवापारा के आदतन अपराधी लल्ला उर्फ टुमन सोनवानी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत जेल भेजा है। जिला दण्डाधिकारी रायपुर के आदेश पर आरोपित को केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध किया गया है।
मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लल्ला उर्फ टुमन सोनवानी निवासी सदर रोड नवापारा थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, शराब पीकर मारपीट, गुंडागर्दी, अवैध हथियार रखने, अवैध शराब बिक्री, गांजा बिक्री और जुआ खिलाने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि, आरोपित वर्ष 2010 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता, आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।
इसके अलावा आरोपित के खिलाफ 11 प्रतिबंधात्मक प्रकरण भी दर्ज किए गए थे, जिनमें न्यायालय के समक्ष पेश कर बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में सुधार नहीं आया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित की लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न करने के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई के लिए जिला दण्डाधिकारी रायपुर को प्रतिवेदन भेजा गया था। जिस पर आदेश जारी होने के बाद आरोपित को निरुद्ध कर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा कि, क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गुंडा बदमाशों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

