home page

बिहार के मुजफ्फरपुर स्टेशन से कुख्यात शराब माफिया राजा साह गिरफ्तार

 | 
बिहार के मुजफ्फरपुर स्टेशन से कुख्यात शराब माफिया राजा साह गिरफ्तार


मुजफ्फरपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)।

बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने शराब बंदी कानून को ठेंगा दिखाने वाले माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के हथौड़ी थाने के वांछित और कुख्यात शराब माफिया राजा साह उर्फ राजा गुप्ता को एसटीएफ की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्ऱतार किया है।

रेलवे स्टेशन पर छापेमारी और गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय (एसटीएफ) को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा अपराधी राजा साह रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर 07/08 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात एसटीएफ की टीम ने जाल बिछाया और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी हथोड़ी थाना क्षेत्र के बेरई का रहने वाला है और उसके पिता का नाम राम बिनोद साह है।

अपराध का लंबा इतिहास

राजा साह के खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। यह मामले केवल शराब तस्करी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी गंभीर कांड दर्ज हैं। वह हथोड़ी थाना कांड संख्या 219/25 (दिनांक 28.11.2025) के तहत बिहार मद निषेध और उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) में वांछित था।

बरामदगी का विवरण

गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसके पास से नकद राशि 10,695 रुपये, मोबाइल 02 अदद, अतिरिक्त सिम कार्ड 03, क्रेडिट कार्ड 02, घड़ी 01 और अंगूठी 02 (चांदी जैसी धातु की) बरामद किया है ।

एसटीएफ द्वारा गिरफ्तारी के बाद उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और बरामद सिम कार्डों का उपयोग किन आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। इस गिरफ्तारी को मुजफ्फरपुर में शराब माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी