डी- गैंग का कुख्यात सदस्य पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 50 हजार रुपए का ईनाम था घोषित
नोएडा, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक संयुक्त मुठभेड़ के दौरान दाऊद इब्राहिम गैग के सक्रिय सदस्य को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। इसके ऊपर 50 हजार रुपए का दिल्ली से इनाम घोषित था। उक्त आरोपी के खिलाफ पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी ,बलवा, लूटपाट सहित विभिन्न धाराओं में 26 मुकदमे दर्ज हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक (एसटीएफ) अमिताभ यश ने बताया कि बीती रात को एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि कुख्यात बदमाश नसीम दुर्रानी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से सिकंदराबाद बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में आया है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नसीम को घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख उक्त बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में टीम ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली नसीम को लगी। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पास से पुलिस ने अवैध हथियार आदि बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि इसके ऊपर उत्तर प्रदेश, दिल्ली में हत्या के चार मुकदमे सहित 26 मामले दर्ज हैं। इस बदमाश ने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तान कैनेडियन मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन को मारने की सुपारी ली थी, लेकिन घटना से पहले ही दिल्ली पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि यह दिल्ली के थाना खजूरी खास एरिया में दो माह में दो हत्याएं कर चुका था। इसने दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर 16 नवंबर को एक व्यक्ति समीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम दिल्ली पुलिस द्वारा घोषित था। यह दाऊद और छोटा शकील से जुड़ा हुआ था। उनके लिए कई घटनाएं कार्य कर चुका था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

