home page

पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश नफीस गिरफ्तार

 | 
पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश नफीस गिरफ्तार


जौनपुर, 07 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में वांछित शातिर बदमाश नफीस को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, कारतूस, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस मामले में गुरुवार को जानकारी देते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ चहरसू चौराहे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश कटघरा की ओर से तूतीपुर पीपा पुल होते हुए ताड़तला क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तूतीपुर चौराहे पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक रेत और लोहे की चद्दर पर फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली प्रभारी निरीक्षक की कनपटी के पास से निकल गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और आरोपित को पकड़ लिया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान नफीस पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी रौजाजमाल खां, थाना कोतवाली, जौनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 540 रुपये नकद और एक एंड्रॉइड मोबाइल बरामद हुआ। नफीस पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत आठ से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव