मुजफ्फरपुर से सीवान के कुख्यात अपराधी अयूब खान गिरफ्तार, 46 मामले दर्ज
सीवान, 16 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से वांछित कुख्यात अपराधी आयुब खान को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने दी।एसपी ने बताया कि सीवान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले का कुख्यात अपराधी अय्यूब खालिक मुजफ्फरपुर जिले में छिपा हुआ है। सूचना के बाद सीवान पुलिस ने मुजफ्फरपुर पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि अय्यूब खालिक सीवान जिले के तीन अलग-अलग कांडों में वांछित था। तीनों मामले आर्म्स एक्ट से जुड़े हैं, जिनमें से दो मामले प्रतिबंधित हथियार से संबंधित पुराने केस हैं।एसपी के अनुसार आरोपी के खिलाफ अब तक कुल 46 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर की गई है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से कोई बरामदगी नहीं हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे आगे पूछताछ की जाएगी, ताकि उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। मेडिकल जांच के बाद अयूब खान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

