हाईटेक लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
नवादा, 21 नवंबर (हि.स.)।नवादा जिले के सिरदला थाने के शादी समारोह की वीडियोग्राफी के बहाने करीब चार लाख रुपये के कैमरा, ड्रोन और मोबाइल लूटने के मामले में सिरदला पुलिस ने शनिवार को एक और अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित थाना क्षेत्र के हेमाजाभारत गांव निवासी पवन कुमार है। सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच कराने के बाद उसे व्यवहार न्यायालय, नवादा भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि 16 मई 2026 को खरौंध रेलवे स्टेशन के समीप कुंभियातरी जंगल में अपराधियों ने वीडियोग्राफर राहुल कुमार को मुंडन कार्यक्रम की शूटिंग के बहाने बुलाया था। सुनसान जंगल में पहुंचते ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर दो कैमरा, एक ड्रोन और तीन मोबाइल लूट लिए थे। लूटे गए सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई थी।
मामले में पुलिस ने पहले शेरपुर गांव निवासी गुड्डू कुमार और मिथिलेश कुमार उर्फ गोलू कुमार को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर लूटे गए उपकरण भी बरामद किए गए थे। अब तीसरी गिरफ्तारी के बाद पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

