पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात बावरिया ढेर
गाजियाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। थाना निवाड़ी पुलिस और बदमाशों के बीच बुधवार की शाम को मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक इनामी बदमाश को लगी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके ऊपर जनपद गाजियाबाद से 50 हजार और जनपद बागपत से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
अपर पुलिस उपायुक्त अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ पूर्व में विभिन्न प्रांतो के विभिन्न स्थानों में करीब 60 मुकदमे दर्ज हैं। यह कुख्यात बावरिया गिरोह का सदस्य था। इस गैग के लोग लूटपाट ,हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न तरह की वारदातें करते हैं।
अपर उपायुक्त ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 5 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मारे गए बदमाश के दो साथी घटनास्थल से अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि निवाड़ी थाना क्षेत्र में बावरिया गिरोह के बदमाशों की मौजूदगी है। पुलिस टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान 05 पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी। धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी बावरिया गिरोह का कुख्यात बदमाश है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

