नॉर्थ जोन में मेगा चेकिंग अभियान, 30 वारंट तामील; चोरी की एक्टिवा और 78 पाव अवैध शराब जब्त
रायपुर, 1 अगस्त (हि. स.)। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर शनिवार तड़के उत्तर जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मेगा चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय तथा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और कृष्णा चंद्राकर के मार्गदर्शन में उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, खम्हारडीह और पंडरी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अपराध नियंत्रण, वारंटियों की गिरफ्तारी, किरायेदारों के सत्यापन और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 30 वारंट तामील किए गए, जिनमें 7 स्थायी वारंटी शामिल रहे। पुलिस ने 543 मकानों और 148 किरायेदारों का सत्यापन किया। संदिग्ध व्यक्तियों, आदतन एवं उभरते बदमाशों की जांच के साथ कई स्थानों पर घर-घर पहुंचकर सत्यापन अभियान चलाया गया।
थाना खम्हारडीह पुलिस ने एक स्थायी वारंटी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा बरामद की, जो पूर्व में दर्ज वाहन चोरी के मामले में वांछित थी। वहीं गुढ़ियारी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन प्रकरण दर्ज कर 78 पाव देशी शराब और 950 रुपये नकद जब्त किए।
उरला पुलिस ने सात वारंट तामील करने के साथ एक फरार आरोपित को गिरफ्तार किया, जबकि खमतराई पुलिस ने मारपीट और चोरी के मामलों में नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की। पंडरी क्षेत्र में बीएसयूपी कॉलोनी सहित 256 मकानों का भौतिक सत्यापन कर बिना सत्यापन के रह रहे किरायेदारों की जानकारी एकत्र की गई।
अभियान के दौरान नागरिकों को किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा अवैध प्रवासियों एवं घुसपैठियों की जानकारी डायल-112 या छत्तीसगढ़ पुलिस की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 पर देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

