कोचिंग संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिले के थाना अशोक विहार पुलिस ने वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक नामी कोचिंग संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी देकर 21 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपित को 24 घंटे के भीतर आरोपित को महाराष्ट्र के नासिक से दबोचा है।
उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने सोमवार को बताया कि, दो अप्रैल को सुबह करीब 11:42 बजे कोचिंग संस्थान के मैनेजर को एक धमकी भरा फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को “बब्ला गुर्जर, नोएडा” बताते हुए 21 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर संस्थान में बम धमाका करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अशोक विहार में एफआईआर संख्या 106/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तुरंत तकनीकी सर्विलांस शुरू किया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सब्सक्राइबर डिटेल और डिजिटल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपित की लोकेशन महाराष्ट्र के नासिक में चिन्हित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए इंटर-स्टेट ऑपरेशन शुरू किया और लगातार पीछा करते हुए आरोपित तक पहुंच गई।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार पूछताछ में आरोपित की पहचान मधुबनी बिहार निवासीपहचान बच्चू झा (31)के रूप में हुई है। आरोपित उच्च शिक्षित है और हरियाणा व बिहार के मेडिकल कॉलेजों में एप्लाइड मैथमेटिक्स का प्रोफेसर रह चुका है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने फर्जी पहचान बनाकर डर पैदा करने के उद्देश्य से इस तरह की रंगदारी की वारदात को अंजाम देना शुरू किया था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक पूर्व विधायक से रंगदारी मांगने और बिहार के दरभंगा में पटना हाईकोर्ट के एक वकील को धमकी देने के मामले में भी उसका नाम सामने आया है। इसके अलावा वह पटना में हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में भी शामिल पाया गया है।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वह मोबाइल फोन बरामद किया है, जिससे उसने धमकी भरा कॉल किया था। फोन से आपत्तिजनक चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जो इस अपराध से उसके सीधे संबंध को साबित करते हैं। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों, नेटवर्क और इसी तरह के अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

