home page

इंस्टाग्राम पर हथियार लहराकर बन रहा था 'डॉन', नाबालिग पकड़ा गया

 | 
इंस्टाग्राम पर हथियार लहराकर बन रहा था 'डॉन', नाबालिग पकड़ा गया


नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले एक नाबालिग अपराधी को पकड़ा है। आरोपित आदर्श नगर थाने में दर्ज आगजनी के एक मामले में वांछित था। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक युवक की मोटरसाइकिल सिर्फ इसलिए आग के हवाले कर दी थी, क्योंकि उसने उन्हें शराब खरीदने के लिए बाइक देने से इनकार कर दिया था।

उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने शुक्रवार को बताया कि पकड़ा गया नाबालिग अपराधी सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय था। वह लगातार हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर खुद को इलाके का दबंग दिखाने की कोशिश करता था। उसके पोस्ट और रील्स का मकसद स्थानीय युवाओं और लोगों के बीच डर का माहौल बनाना था।

जांच में सामने आया कि आदर्श नगर क्षेत्र में रहने वाले सुबेदार नामक युवक ने आरोपित और उसके साथियों को शराब खरीदने के लिए अपनी मोटरसाइकिल देने से मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सुबेदार की बाइक में आग लगा दी थी। इस संबंध में आदर्श नगर थाने में बीएनएस की धारा 326(एफ) के तहत एफआईआर संख्या 269/2026 दर्ज की गई थी। वारदात के बाद से आरोपित लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से पुलिस के हत्थे चढ़ा

उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ की टीम लगातार कुख्यात अपराधियों की गतिविधियों और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पड़ी, जिसमें एक नाबालिग खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नरसी, हेड कांस्टेबल हरीश, हेड कांस्टेबल जोगेंद्र और कांस्टेबल ओमबीर की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय मुखबिरों और लगातार निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे दबोच लिया।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि पकड़ा गया नाबालिग पहले से ही पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ झपटमारी, मारपीट, चोरी, आगजनी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में संलिप्तता सामने आई है। कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में सक्रिय होने के कारण वह इलाके में बदमाशों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहा था।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपित अवैध हथियार रखने और उनका प्रदर्शन करने का शौकीन था। वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो और तस्वीरें डालकर खुद को खतरनाक अपराधी के रूप में पेश करता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह की गतिविधियां समाज में भय का माहौल पैदा करती हैं और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती हैं।

वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों या आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन न करें और न ही ऐसे कंटेंट को बढ़ावा दें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा हथियारों का प्रदर्शन या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी