सोशल मीडिया पर गोली चलाते हुए वीडियो डालने वाला नाबालिग पकड़ा गया
नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। सोशल मीडिया पर गोली चलाते हुए वीडियो डालकर दहशत फैलाने के मामले में उत्तर-पश्चिम जिला की स्पेशल स्टाफ ने एक नाबालिग लड़के को दबोचा है। आरोपित के पास से वारदात में इस्तेमाल एक ऑटोमेटिक पिस्टल व कारतूस भी बरामद कर लिया है। आरोपित ने अशोक विहार के सूनसान इलाके में गोली चलाते हुए वीडियो बनाई थी। वारदात के बाद पिस्टल को छिपा दिया गया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित की निशानदेही पर पिस्टल बरामद की। आरोपित पिस्टल कहां से लेकर आया इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने नाबालिग आरोपित के खिलाफ अशोक विहार थाने में मामला दर्ज कर लिया है।
उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बुधवार को बताया कि हाल में सोशल मीडिया पर एक लड़के की गोली चलाते हुए रील वायरल हो रही थी। आरोपित हवा में गोली चलाता हुआ दिख रहा था। वीडियो के आधार पर स्पेशल स्टाफ ने संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया। आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई। इस बीच 30 मार्च टीम को खबर मिली कि आरोपित वजीरपुर एरिया में अशोक विहार के पास देखा गया है। पुलिस टीम जांच करते हुए शहीद सुखदेव सिंह नगर की झुग्गियों में पहुंची। इसके बाद आरोपित की पहचान कर उसे दबोचा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

