हरियाणा के चर्चित महंत हत्याकांड का मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने हरियाणा के चर्चित महंत हत्याकांड के वांछित मास्टरमाइंड समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया लिया। आरोप है कि दोनों वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में सशस्त्र लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
उत्तर पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने शनिवार काे बताया कि हरियाणा के भिवानी जिले के नंगल गांव में लगभग आठ एकड़ पंचायत भूमि पर स्थित एक डेरा की गद्दी और प्रशासनिक अधिकारों पर कब्जा जमाने की नीयत से महंत की हत्या की गई थी। इसी मामले में मुख्य साजिशकर्ता सुरेंद्र (24) वांछित चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस टीम काे गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में किसी व्यापारी की रेकी कर रहे हैं। यह सूचना सिपाही पवन को मिली, जिन्होंने तत्काल प्रभारी पुलिस चौकी वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र उपनिरीक्षक रोहित चाहर को अवगत कराया। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने प्रेमबाड़ी पुल के पास दोनों संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों से दो स्प्रिंगदार चाकू, एक देसी कट्टा, एक खिलौना पिस्तौल (जो असली जैसी दिखती है), लाल मिर्च पाउडर का पैकेट और एक खेल मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस का कहना है कि लाल मिर्च पाउडर का इस्तेमाल वारदात के दौरान पीड़ित को असहाय करने के लिए किया जाना था। वहीं दूसरे आरोपित की पहचान चिराग पांचाल (22) के रूप में हुई है। वह खेड़ा कलां, दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार इस संबंध में थाना अशोक विहार में प्राथमिकी संख्या 69/26 दर्ज की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों किसी अन्य वारदात की साजिश में तो शामिल नहीं थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

