ऑपरेशन प्रहार में 390 मोबाइल और 65 दोपहिया वाहन बरामद, 23 आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने सड़क अपराध के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 72 घंटे में बड़ी कार्रवाई करते हुए 390 चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने 65 चोरी के दोपहिया वाहन, एक कार, 19 अवैध हथियार और 21 चाकू भी बरामद किए हैं। अलग-अलग मामलों में करीब 62 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 65 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने 23 आरोपितों को पकड़ा, जिनमें दो कानून से संघर्षरत किशोर भी शामिल हैं।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने शुक्रवार को बताया कि, सड़क पर होने वाले अपराध, चोरी, सेंधमारी, लूट, वाहन चोरी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए पुलिस टीमों ने गश्त, तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने कुछ ही घंटों में सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र की सेंधमारी की वारदात सुलझाते हुए चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन खपाने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने ध्रुव उर्फ कुनाल और पंकज उर्फ पोली समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद तीन रिसीवर भी पकड़े गए और 54 मोबाइल बरामद हुए। इससे उत्तर-पश्चिमी जिले के 22 मामले सुलझे। आरोपितों के पास से करीब 12 लाख रुपये के आभूषण, 65 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
वहीं अशोक विहार थाना पुलिस ने गश्त के दौरान आदित्य उर्फ गोलू और इम्तियाज को पकड़ा। पुलिस को देखकर दोनों एक्टिवा से भागने लगे, लेकिन नियंत्रण खोने के बाद गिर पड़े। तलाशी में देसी पिस्टल, कारतूस, बटनदार चाकू, चोरी का ओपो मोबाइल और चोरी की एक्टिवा मिली। दोनों पर पहले से 32 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसी क्रम में आदर्श नगर पुलिस ने सक्रिय बदमाश सद्दाम उर्फ जाकिर को पकड़ा। जांच में उसके कब्जे से पांच चोरी के दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल बरामद हुए। वह हत्या के प्रयास नहीं बल्कि झपटमारी-लूट के एक मामले में मिली 15 दिन की पैरोल खत्म होने के बाद वापस जेल नहीं लौटा था। पुलिस के मुताबिक फरारी के दौरान उसने फिर चोरी और झपटमारी की वारदातें शुरू कर दी थीं। उसके खिलाफ 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।
मुखर्जी नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दो नाबालिग को पकड़ा। दोनों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। वहीं, भारत नगर पुलिस ने सक्रिय बदमाश प्रियंशु उर्फ प्रियंश सक्सेना को पकड़ा। उसके पास से देशी पिस्टल और कारतूस मिला। उसकी निशानदेही पर सात चोरी-झपटमारी के मोबाइल और चार दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामद संपत्ति को तकनीकी जांच के जरिए संबंधित मामलों से जोड़ा जा रहा है और उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों ने मिलकर झपटमारी, चोरी, सेंधमारी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामलों का पर्दाफाश किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

