डबल चोरी कांड का पर्दाफाश, 4 आरोपित, एक नाबालिग और चोरी का माल खरीदने वाले दो लोग दबोचे
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की एंटी बर्गलरी सेल ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए सात लोगों को पकड़ा है। इनमें चार आरोपित, एक नाबालिग और चोरी का सामान खरीदने वाले दो लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने की चेन, सोने की अंगूठी और करीब 25 किलो चोरी का तांबा व एल्युमीनियम बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपितों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना का सहारा लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथ विशेष औजार रखते थे।
उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में विजय विहार निवासी सूरज प्रकाश उर्फ सचिन, जहांगीरपुरी निवासी विजय हलदार, सौरभ विश्वास और सोनू विश्वास शामिल हैं। इसके अलावा चोरी का सामान खरीदने वाले मोहम्मद मोइन और राज किशोर को भी पकड़ा गया है। वहीं एक नाबालिग को भी मामले में पकड़ा गया है।
अशोक विहार में घर से जेवर चोरी करने वाला दबोचा
पुलिस उपायुक्त के अनुसार पहला मामला भारत नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक एक मई को अशोक विहार स्थित बुनकर कॉलोनी के एक मकान में चोरी की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि घर से तीन सोने की अंगूठियां और एक सोने की चेन चोरी हो गई। चोरी हुए जेवरों का कुल वजन करीब 22 ग्राम बताया गया। मामला दर्ज होने के बाद एंटी बर्गलरी सेल की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस सूरज प्रकाश उर्फ सचिन तक पहुंची। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक सोने की चेन और एक सोने की अंगूठी बरामद की। जांच में सामने आया कि सूरज प्रकाश आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से चोरी के 14 मामले दर्ज हैं।
जहांगीरपुरी में तांबा चोरी करने वाले भी पकड़े गए
दूसरा मामला महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र का है। यहां 17 मई को जहांगीरपुरी के रामगढ़ इलाके में तांबे का सामान चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। शिकायत के मुताबिक 40 से 50 किलो तांबे का सामान चोरी हुआ था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने विजय हलदार, सौरभ विश्वास, सोनू विश्वास और एक नाबालिग को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चोरी का सामान उन्होंने दो लोगों को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद मोइन और राज किशोर को भी दबोचा। उनकी निशानदेही पर करीब 25 किलो चोरी का तांबा, एल्युमीनियम और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विजय हलदार पहले भी आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम के दो मामलों में शामिल पाया गया है। वहीं आरोपित वारदात को अंजाम देने के लिए विशेष औजार साथ रखते थे और मौका मिलने पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

