कुख्यात बदमाश जीतू की पांच करोड़ की संपत्ति कुर्क
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुख्यात आरोपित जीतेंद्र उर्फ जीतू और उसकी पत्नी ज्योति की करीब 5 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क (अटैच) कर दी है। यह कार्रवाई भारत नगर थाने में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान की गई है।
उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने शुक्रवार को बताया कि जीतेंद्र उर्फ जीतू लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। वर्ष 2004 से सक्रिय इस बदमाश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और जुए से जुड़े कई संगीन मामले दर्ज हैं। उसे ‘घोषित बदमाश’ घोषित किया जा चुका है और हाल ही में उसे जिला बदर भी किया गया था।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित ने अपनी आय के वैध स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। संदेह है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित धन से बनाई गई है। इसके बाद पुलिस ने अदालत में आवेदन कर आरोपित की संपत्तियों को अटैच कराने की प्रक्रिया शुरू की। अदालत ने पहले 6 दिसंबर 2025 को आरोपित की संपत्तियों, वाहनों और बैंक खातों को अस्थायी रूप से अटैच करने के आदेश दिए थे। बाद में 10 अप्रैल 2026 को रोहिणी कोर्ट ने इन आदेशों की पुष्टि करते हुए ट्रायल पूरा होने तक संपत्तियों को अटैच रखने का निर्देश दिया। साथ ही इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी गई है और बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार कुर्क की गई संपत्तियों में बुनकर कॉलोनी स्थित कई मकान शामिल हैं, जिनमें पूरे-के-पूरे बहुमंजिला भवन भी शामिल हैं। इसके अलावा महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने एक्सिस बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों को भी फ्रीज कर दिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित की पत्नी ज्योति ने अवैध धन को छिपाने में अहम भूमिका निभाई और कई संपत्तियां उसके नाम पर खरीदी गई थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

