युवती को लेकर विवाद में युवक का अपहरण कर पिटाई, पांच गिरफ्तार
नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तरी जिले के कमला नगर में एक युवक को कार में जबरन अगवा कर गुलाबी बाग के एक पार्क में ले जाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। रूप नगर थाना पुलिस ने सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मारुति अर्टिगा कार भी बरामद कर ली है। शुरुआती जांच में वारदात की वजह एक लड़की को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
उत्तरी जिले की पुलिस उपायुक्त निहरिका भट्ट ने सोमवार को बताया कि 23 अगस्त की रात कमला नगर स्थित कैवेंट्री शॉप के पास एक युवक के अपहरण की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही रोपड़ नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंदर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि 18 वर्षीय विशेष को पांच युवक मारुति अर्टिगा में जबरन बैठाकर ले गए हैं। आरोपितों ने पहले उसके साथ मारपीट भी की थी।
पुलिस ने तुरंत गश्त और पिकेट पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट किया। तकनीकी मदद से विशेष की लोकेशन गुलाबी बाग इलाके में मिली। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो एक पार्क से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पुलिस ने मौके पर विशेष को पांच युवकों के साथ पाया। इसके बाद शुबम, स्वयं, ध्रुव, तनमय और ऋषि को पकड़ लिया गया। पुलिस ने अर्टिगा कार को भी कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में विशेष ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह अपने बचपन के दोस्त दीपक के साथ दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपित अर्टिगा कार से वहां पहुंचे। उन्होंने विशेष के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जबरन कार में डाल लिया। कार में भी उसकी पिटाई की गई। इसके बाद उसे गुलाबी बाग के पार्क में ले जाया गया, जहां आरोपितों ने डंडों से उसकी पिटाई जारी रखी। मारपीट में विशेष के सिर में गंभीर चोट आई।
पुलिस पूछताछ में शुबम और शुभम ने बताया कि पूरा विवाद एक लड़की को लेकर हुआ था। लड़की ने शुभम को बताया था कि मोती बाग में उसके साथ पहले काम कर चुका विशेष उसके बारे में गलत बातें कर रहा है। इसके बाद शुभम और स्वयं ने विशेष को सबक सिखाने का फैसला किया। शुबम पहले विशेष के कार्यालय गया, लेकिन वहां वह नहीं मिला। बाद में दोनों अपने दोस्तों ध्रुव, तनमय और ऋषि के साथ अर्टिगा से कमला नगर पहुंचे।
वहां विशेष अपने दोस्त दीपक के साथ खड़ा था। दीपक ने आरोपितों को बताया कि यही वह युवक है, जिसने पहले लड़की के साथ मोती बाग में काम किया था। इसके बाद शुबम ने विशेष से मारपीट शुरू कर दी और बाकी आरोपित भी उसके साथ शामिल हो गए। सभी ने उसे जबरन कार में बैठाया और रास्ते में भी डंडों से पीटा। इस मामले में रूप नगर थाने में एफआईआर संख्या 151/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 140(3), 110, 126(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच है। इनमें अधिकांश 12वीं तक पढ़े हैं और निजी कंपनियों में काम करते हैं, जबकि ध्रुव कैब चालक है। वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार आरोपित स्वयं की मां के नाम पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

