दिल्ली पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरी जिला पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मुरादाबाद (उप्र) में चल रही एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से तीन देशी कट्टे, 12 जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में हथियार बनाने का कच्चा माल व उपकरण बरामद किए हैं।
उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने शनिवार को बताया कि 21 अप्रैल की शाम वजीराबाद थाना क्षेत्र में यमुना खादर पुस्ता रोड, हनुमान चौक के पास गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मोहम्मद अयूब (49) को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से दो देशी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में अयूब ने बताया कि उसने हथियार मुरादाबाद निवासी सोनू से खरीदे थे। इसके बाद वजीराबाद थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और आरोपित अयूब को साथ लेकर मुरादाबाद पहुंची। 22 अप्रैल को पुलिस ने एक परिसर पर छापा मारकर वहां चल रही अवैध हथियार निर्माण इकाई का खुलासा किया। मौके से इदरीश (60) और शादाब (40) को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में पिछले एक वर्ष से अवैध हथियार बनाए जा रहे थे। पुलिस उपायुक्त के अनुसार मुख्य सरगना सोनू परिसर उपलब्ध कराता था, कच्चा माल मंगवाता था और हथियारों की सप्लाई कराता था। वहीं इदरीश हथियार बनाने में विशेषज्ञ है और पिछले 20-25 वर्षों से इस काम में लगा हुआ था। जबकि शादाब उसका सहयोगी था। दोनों को प्रति हथियार क्रमशः 2,000 और 1,000 रुपये दिए जाते थे।
पुलिस ने फैक्ट्री से 14 लंबे तैयार बैरल, छह अधबने देशी कट्टों के ढांचे, बेंच वाइस, भट्टी, ब्लोअर, आयरन मोल्ड, टूल बॉक्स, स्प्रिंग्स सहित बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक यह सामान करीब 50 से 60 देशी कट्टे तैयार करने के लिए पर्याप्त है, जिससे स्पष्ट है कि यह पूरी तरह सक्रिय अवैध हथियार फैक्ट्री थी। आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। मोहम्मद अयूब पहले हत्या के मामले में शामिल रहा है, जबकि इदरीश पर पूर्व में भी आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब फरार मास्टरमाइंड सोनू की तलाश कर रही है और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

