अवैध संबंध के शक में कैंची से की हत्या, 48 घंटे बाद मुरादाबाद से दबोचा गया पति
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना पुलिस ने गौतमपुरी में हुई महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या के बाद फरार हुए महिला के पति सलीम (52) को उप्र के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पूछताछ में पत्नी के चरित्र पर शक और इसी बात को लेकर होने वाले घरेलू झगड़ों के चलते हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कैंची और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की शाम करीब 7:32 बजे सीलमपुर थाने में गौतमपुरी की गली नंबर-9 में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो 45 वर्षीय महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली।
उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस उसे तुरंत जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल भेज दिया गया।
मामले में सीलमपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 265/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद से मृतका का पति सलीम घर से गायब है।
इसी आधार पर पुलिस का शक उसी पर गया। इसके बाद एसीपी सीलमपुर मलकीयत सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर नरपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच टीम ने आसपास और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार तकनीकी निगरानी और कई राज्यों में पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। वारदात के बाद वह आनंद विहार से मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ तक घूमता रहा। बाद में जब वह दोबारा मुरादाबाद लौटा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि उसकी पत्नी पहले एक गारमेंट फैक्टरी में काम करती थी। उसे शक था कि पत्नी का फैक्टरी में काम करने वाले एक सहकर्मी के साथ अवैध संबंध है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 16 जुलाई को भी इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर उसने घर में रखी कैंची से पत्नी पर कई वार कर दिए। जब पत्नी निढाल होकर गिर गई तो उसने घर में ताला लगाया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कैंची और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपित का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

