सोनिया विहार में ज्वेलरी शॉप कर्मचारी पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पूर्वी जिले के सोनिया विहार इलाके में ज्वेलरी शॉप कर्मचारी से लूट के दौरान जानलेवा हमला करने के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान सलमान और सलमान उर्फ मुबाशिर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ित का मोबाइल फोन, लूटी गई करीब 24 ग्राम की सोने की चेन, चेन गिरवी रखने से मिले 1.03 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:18 बजे सोनिया विहार थाने को पीसीआर से सूचना मिली थी कि फर्स्ट पुश्ता के पास एक व्यक्ति घायल हालत में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल प्रमोद यादव (32) को अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग उसे शालीमार बाग स्थित मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले गए, जहां उसे आइसीयू में भर्ती कर सर्जरी की गई।
जांच में सामने आया कि प्रमोद चांदनी चौक की एक ज्वेलरी शॉप में काम करता है। वह सोनिया विहार के 2.5 पुश्ता के पास कार पार्क करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान सर्विस रोड पर दो बदमाशों ने उसे घेरकर लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया और सोने की चेन व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले में सोनिया विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार इंस्पेक्टर पीके झा के नेतृत्व में टीम ने साक्ष्यों का विश्लेषण कर चौहान पट्टी इलाके से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन आरोपितों से बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि सोने की चेन गिरवी रखी गई थी। आरोपितों की निशानदेही पर चेन के बदले मिले 1.03 लाख रुपये और बाद में करीब 24 ग्राम की सोने की चेन व गिरवी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। चौहान पट्टी के पास झाड़ियों से सर्जिकल ब्लेड भी बरामद हुआ।
आरोपितों में सलमान पहले भी हत्या के प्रयास के मामले में शामिल रहा है, जबकि सलमान उर्फ मुबाशिर का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला। बरामदगी के बाद 14 अगस्त को केस में लूट, हथियार और अन्य संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

