पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला गिरफ्तार
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना पुलिस ने पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने पारिवारिक विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपित पहले भी अपहरण और हत्या के एक मामले में शामिल रह चुका है।
उत्तर पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने रविवार को बताया कि 22 अप्रैल की देर शाम खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार स्थित ए-ब्लॉक में एक महिला पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को 38 वर्षीय महिला गंभीर हालत में घायल मिली, जिसे तत्काल जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।
घटना के संबंध में खजूरी खास थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस उपायुक्त के अनुसार तफ्तीश में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि पीड़िता का पति है। इसके बाद इंस्पेक्टर जय प्रकाश मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर कई ठिकानों पर दबिश दी और आरोपित मनोज कुमार (35) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके और पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते उसने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपित पहले अपहरण और हत्या के एक मामले में भी संलिप्त रह चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

