home page

नूडल्स फैक्ट्री से पांच मासूमों को कराया बालश्रम से मुक्त

 | 
नूडल्स फैक्ट्री से पांच मासूमों को कराया बालश्रम से मुक्त


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नूडल्स पैकिंग फैक्ट्री से पांच बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। दौलतपुरा थाना पुलिस और मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बच्चों को रेस्क्यू किया। मामले में फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर दौलतपुरा थाना पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम ने हरे कृष्णा होटल के पीछे स्थित केजुंड एंटरप्राइजेज पर दबिश दी।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में पांच बाल श्रमिक 'नेचुयर नूडल्स' ब्रांड के नूडल्स की पैकिंग करते मिले। मौके से बच्चों द्वारा पैक किए गए पांच पैकेट भी जब्त किए गए। जिन पर कंपनी का नाम तथा वीकेआई औद्योगिक क्षेत्र जयपुर का पता अंकित था।

रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गांधी नगर स्थित बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया गया। समिति के निर्देश पर बच्चों को संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए अधिकृत संस्था को सौंप दिया गया।

पुलिस ने फैक्ट्री संचालक मनीष अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में कब से बाल श्रमिकों से काम कराया जा रहा था तथा इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश