नोएडा में काम करते समय 18 वीं मंजिल से गिरी महिला श्रमिक, अस्पताल में मौत
नोएडा, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नोएडा के थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 43 में निर्माणाधीन एक सोसाइटी में काम करते समय 28 वर्षीय महिला 18 वीं मंजिल से नीचे गिर गई। उसे उपचार के लिए नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सुखी सोरेन पत्नी रंजीत सेक्टर 43 स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में काम कर रही थी। वह काम करते समय सोमवार को 18 वीं मंजिल से नीचे गिर गई। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के भारद्वाज अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अगर इस मामले में मृतका के परिजन कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

