नोएडा में लूटपाट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, 21 मोबाइल फोन बरामद
नोएडा, 10 जून (हि.स.)। नोएडा के थाना सेक्टर 58 पुलिस ने बुधवार सुबह दो शातिर लुटेराें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एनसीआर में विभिन्न जगहों से लूटे हुए 21 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त होने वाली मोटरसाइकिल, अवैध हथियार आदि बरामद किया है। इन बदमाशों ने एनसीआर में लूटपाट की 100 से ज्यादा बारदातें करनी स्वीकार की है।
अपर पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार और उनकी टीम ने एक सूचना के आधार पर सेक्टर 55 के पास से आज सुबह प्रदीप तथा लोकेश नामक दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनकी निशानदेही पर विभिन्न जगहों से लूटे हुए 21 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। अपर उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि ये बदमाश बाइक पर सवार होकर निकलते हैं, तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर लूटपाट की वारदातें करते हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने 100 से ज्यादा लूटपाट की वारदातें करनी स्वीकार की है। अपर उपायुक्त ने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एनसीआर के विभिन्न जगहों से लूटे हुए 21 मोबाइल फोन, अवैध चाकू, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल आदि बरामद किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

