ग्रेटर नोएडा में दबंगई : टोल प्लाजा पर हूटर बजाकर तोड़े बूम बैरियर, रोकने पर कर्मचारी का सिर फाेड़ा
नोएडा, 11 जून (हि.स.)। नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाजा पर देर रात कुछ वाहन सवारों ने बूम बैरियर तोड़ दिया। हूटर बजाते हुए एक दर्जन से अधिक गाड़ियां बिना टोल चुकाए निकल गईं। रोकने पर टोल कर्मियों से मारपीट की गई, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार सुबह पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लाेगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि यह घटना बुधवार रात की है। अज्ञात वाहन सवारों ने टोल प्लाजा पर आकर हूटर बजाना शुरू कर दिया। जब टोल कर्मियों ने बैरियर नहीं खोला, तो उन्होंने गाड़ियों से बूम बैरियर को तोड़ दिया और एक के बाद एक कई वाहन वहां से निकल गए। टोल कर्मचारियों द्वारा उन्हें रोकने और टोल शुल्क मांगने पर वाहन सवारों ने मारपीट शुरू कर दी। खुर्जा निवासी टोलकर्मी लोकमान सिंह ने बताया कि जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। आरोपिताें ने लोकमान सिंह को गिराकर पीटा और ईंट-पत्थरों से हमला किया। इस हमले में लोकमान सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए। हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल टोलकर्मी लोकमान सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपिताें की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बम्हेटा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की स्कॉर्पियो कार को कब्जे में लिया है। कार के मालिक के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

