home page

नोएडा में विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत, पुलिस कर रही जांच

 | 
नोएडा में विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत, पुलिस कर रही जांच


नोएडा, 07 मई (हि.स.)। नोएडा के विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। घटनाओं की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के बहलौलपुर फ्लाईओवर पर एक 25 वर्षीय युवक बीती रात को सड़क पार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दिया। इस घटना में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के एच ब्लॉक में बीती रात को नीरज कुमार पुत्र रघुवीर सिंह उम्र 47 वर्ष बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक ठेली से टकरा गई। इस घटना में उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में पवन उर्फ पंकज पुत्र गजराज उम्र 22 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। वह मूल रूप से जनपद बुलंदशहर के रहने वाले थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। मीडिया प्रभारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुए एक सड़क हादसे में चलजीत पुत्र गजराज सिंह मूलनिवासी जनपद बुलंदशहर उम्र 32 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी